Dakhal News
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी को लेकर कहा कि अगले 30 साल तक उनका सत्ता में आने का नंबर नहीं लगने वाला। दिल्ली के द्वारका में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव हारने के बाद चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है, जबकि जीत मिलने पर उसकी कार्यप्रणाली पर कोई आपत्ति नहीं करती।
अमित शाह ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे वोट चोरी के मुद्दे के जरिए कथित घुसपैठियों के वोट बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कई राज्यों में लंबे समय से सत्ता से बाहर है और यह स्थिति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने से पहले से बनी हुई है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए शाह ने कहा कि दिल्ली लौटने पर उनकी बात याद रखिएगा, अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं आने वाला।
शाह ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने बुनियादी सुविधाओं के बजाय धरना-प्रदर्शन की राजनीति पर ज्यादा ध्यान दिया। शाह ने पंजाब में भी AAP की सरकार को सत्ता से हटने की चेतावनी दी। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली की लैंडफिल साइटों और कूड़े के ढेरों का जिक्र करते हुए कहा कि इन्हें साफ करने के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में इन जगहों को सुंदर सार्वजनिक उद्यानों में बदला जाएगा।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |