आयुष्मान खुराना की ‘उड़ता तीर’ रिलीज, जानिए कैसी है फिल्म
   Ayushmann Khurrana’s ‘Udta Teer’ released; find out what the film is like.

 

आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘उड़ता तीर’ 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म आतंकवाद और जासूसी जैसे गंभीर विषय को कॉमेडी के अंदाज में पेश करती है। कहानी पाकिस्तानी जासूस बिलाल अहमद (आयुष्मान खुराना) और उसके दोस्त अशफाक (सुहैल नैय्यर) की है, जो भारत के खिलाफ साजिश रचने आते हैं। दोनों भारतीय काउंटर टेररिज्म स्क्वॉड में घुसपैठ कर लेते हैं। बिलाल डिफेंस मिनिस्ट्री में काम करने वाली यामिनी (सारा अली खान) के करीब आता है, लेकिन एक हादसे के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है। वह खुद को भारतीय अफसर विक्रांत समझने लगता है और आतंकियों को पकड़वाने में जुट जाता है। अब अशफाक के सामने अपने ही दोस्त को रोकने की चुनौती है, क्योंकि बिलाल अनजाने में उनके मिशन को नाकाम करने लगता है।

आयुष्मान खुराना अपनी कॉमिक टाइमिंग और बॉडी लैंग्वेज से प्रभावित करते हैं। अपनी असली पहचान भूलकर भारतीय अफसर बने बिलाल का किरदार कई मजेदार सीन पैदा करता है। सुहैल नैय्यर ने अशफाक की बेबसी को अच्छी तरह निभाया है, जबकि राहुल बोस CTS चीफ बर्मन के रूप में अपने एक्सप्रेशंस से हंसाते हैं। दिवंगत मुकुल देव, राम कपूर और गुलशन ग्रोवर भी अपने किरदारों में नजर आते हैं। हालांकि, सारा अली खान के किरदार को ज्यादा मजबूत बनाया जा सकता था। निर्देशक आकाश कौशिक का आइडिया दिलचस्प है। पहला हाफ कॉमेडी और गलतफहमियों के कारण मनोरंजक है, लेकिन दूसरे हाफ में कहानी थ्रिलर की ओर बढ़ती है और कॉमेडी की रफ्तार धीमी पड़ जाती है। कुछ ट्विस्ट भी पहले ही समझ आने लगते हैं। सचिन-जिगर का संगीत अच्छा है और अरिजीत सिंह की आवाज में ‘चन्न’ सुकून देता है।

कुल मिलाकर, ‘उड़ता तीर’ की ताकत इसका अनोखा कॉन्सेप्ट और कलाकारों की कॉमिक टाइमिंग है। जहां ‘धुरंधर’ जासूसी और आतंकवाद को गंभीर अंदाज में दिखाती है, वहीं यह फिल्म इसी विषय को हास्य के जरिए पेश करती है। दूसरे हाफ की कमजोर रफ्तार के बावजूद आयुष्मान और सुहैल की जुगलबंदी मनोरंजन करती है। हल्की-फुल्की कॉमेडी पसंद करने वाले दर्शकों को फिल्म पसंद आ सकती है। फिल्म की अवधि लगभग 2 घंटे 20 मिनट है और इसे 3.5/5 की रेटिंग दी गई है।

Dakhal News 23 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.