महाकाल दर्शन को जा रहे यात्रियों का हंगामा, ट्रेन पर पथराव से AC कोच का शीशा टूटा
सावन के पहले सोमवार पर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच गुना जिले के चांचौड़ा-बीनागंज स्टेशन पर भिंड-रतलाम एक्सप्रेस में जगह नहीं मिलने से नाराज कुछ यात्रियों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से फर्स्ट एसी कोच का शीशा टूट गया, जबकि अंदर बैठी एक बुजुर्ग महिला बाल-बाल बच गई। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी। रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
सावन सोमवार के चलते उज्जैन जाने वाली ट्रेनों में क्षमता से कई गुना अधिक भीड़ थी। स्टेशन पर लगातार धक्का-मुक्की और जबरन कोचों में चढ़ने की कोशिश होती रही। भीड़ के कारण करीब 60 यात्रियों को टिकट वापस कराने पड़े। आरपीएफ ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और ट्रेन में जबरन चढ़ने या हिंसक व्यवहार से बचें।