कमलनाथ सरकार गिरने वाले मैदान में CM मोहन यादव की सभा
  CM Mohan Yadav

 

धार जिले के डही में 15 नवंबर को होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम को लेकर सियासत गरमा गई है। पुलिस ग्राउंड में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सभा के लिए पहले दक्षिण दिशा की ओर मंच तैयार किया जा रहा था, लेकिन केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर सहित भाजपा नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई। इसके बाद मंच की दिशा बदलकर उत्तर की ओर कर दी गई। इस फैसले को 2020 में इसी मैदान पर हुई तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ की सभा से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल, 26 फरवरी 2020 को कमलनाथ ने इसी मैदान पर डही सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया था। उस दौरान मंच दक्षिण दिशा की ओर बनाया गया था। इसके कुछ समय बाद 20 मार्च 2020 को कांग्रेस सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। हालांकि, भाजपा की ओर से मंच की दिशा बदलने को लेकर कोई आधिकारिक तौर पर शुभ-अशुभ से जुड़ी वजह नहीं बताई गई है। गौरतलब है कि 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने बसपा के समर्थन से सरकार बनाई थी, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद कमलनाथ सरकार गिर गई थी।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राज्य सरकार 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित कर रही है। इसके तहत 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और जोबट तथा 16 नवंबर को खंडवा में कार्यक्रम होंगे। धार के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़कर संबोधित करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव रोड शो और जनसंवाद करेंगे। इस दौरान वे 1353.18 करोड़ रुपये की डही माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे और मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना के पात्र हितग्राहियों को प्लॉट व मकानों की रजिस्ट्री की सौगात भी देंगे।

Dakhal News 12 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.