करीना कपूर के पेंडेंट पर विवाद, कुरान की आयतों को लेकर उठे सवाल
  Controversy over Kareena Kapoor

 

अभिनेत्री करीना कपूर खान के दिवाली पर पहने गए एक खास पेंडेंट को लेकर विवाद लगातार चर्चा में है। बताया जा रहा है कि यह पेंडेंट भोपाल रियासत की बेगमों से जुड़ा ऐतिहासिक आभूषण है, जिस पर कुरान की पवित्र आयत ‘आयतुल कुर्सी’ लिखी हुई है। दिवाली के मौके पर करीना ने इस पेंडेंट को अपने पारंपरिक परिधान के साथ पहना था। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद भोपाल के कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि कुरान की पवित्र आयतों को फैशन और सजावट के तौर पर इस्तेमाल करना धार्मिक आस्था का अपमान है और इससे मुस्लिम समुदाय की भावनाएं आहत हो सकती हैं।

अब्बास हफीज के मुताबिक, उन्होंने इस मामले में करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने मांग की है कि करीना सोशल मीडिया से पेंडेंट वाली तस्वीरें हटाएं, सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न हो, इसका ध्यान रखें। अब्बास का दावा है कि यह पेंडेंट भोपाल की बेगम शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने अपनी धार्मिक आस्था और इबादत के उद्देश्य से बनवाया था। उनके अनुसार, इस तरह के धार्मिक महत्व वाले आभूषण को केवल फैशन या दिखावे की वस्तु के रूप में पेश करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानूनी नोटिस भेजने के पीछे उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल या पद से जुड़ा नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं और आस्था का सम्मान सुनिश्चित करना है।

वहीं, इस विवाद के बीच हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने करीना कपूर का समर्थन किया है। उनका कहना है कि हिंदू धर्म में देवी-देवताओं के लॉकेट और धार्मिक प्रतीक पहनना आस्था का हिस्सा माना जाता है। इसी तरह मुस्लिम समुदाय के लोग भी पवित्र कुरानी आयतों वाले ताबीज और आभूषण धारण करते हैं। ऐसे में करीना के पेंडेंट पहनने पर विवाद खड़ा करना सही नहीं है और उन्हें इसके लिए माफी मांगने की जरूरत नहीं है। चंद्रशेखर तिवारी ने विरोध की वजह पर सवाल उठाते हुए यह भी पूछा कि कहीं इस पूरे विवाद के पीछे करीना कपूर का दिवाली मनाना तो नहीं है। फिलहाल, पेंडेंट को लेकर दोनों पक्षों की अलग-अलग प्रतिक्रियाओं के बाद यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

Dakhal News 12 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.