कॉलेज में तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम शुरू, विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास और नई शिक्षा नीति की दी जानकारी
सिवनी के शासकीय महाविद्यालय बरघाट में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य डॉ. बीएल इनवाती ने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री हासिल करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, ज्ञानार्जन और जीवन मूल्यों के विकास का केंद्र है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट, पुस्तकालय, ई-लाइब्रेरी, प्रयोगशालाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं, एंटी-रैगिंग और साइबर सुरक्षा सहित महाविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, सिवनी जिले में वन अधिकार अधिनियम के तहत लंबित, निरस्त और नए व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन अधिकार दावों के पुनः परीक्षण के लिए 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान शुरू किया गया है। कलेक्टर नेहा मीना ने सभी संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा में दावों के परीक्षण और निराकरण के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान एमपीएफआरए पोर्टल के माध्यम से दावों का निपटारा किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र जारी कर राजस्व और वन अभिलेखों में दर्ज किया जाएगा।