पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव: इस्राइली हमले में मोजतबा खामेनेई घायल होने का दावा
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष लगातार और खतरनाक होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बीच ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन हमलों के बीच यह संघर्ष अब दसवें दिन में पहुंच चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है। इसी बीच इस्राइली सुरक्षा अधिकारियों ने दावा किया है कि हाल ही में किए गए हवाई हमले में ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के बेटे मोजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हालांकि इस्राइली सेना का कहना है कि वह अभी जीवित हैं।
इससे पहले ईरानी विपक्षी चैनल ‘ईरान इंटरनेशनल’ ने दावा किया था कि मोजतबा खामेनेई को ईरान का अगला सर्वोच्च नेता चुना जा सकता है। बताया गया कि 88 सदस्यों वाली एसेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स उन्हें इस पद के लिए चुन सकती है। हालांकि कुछ वरिष्ठ ईरानी धर्मगुरुओं को इस फैसले को लेकर संदेह है। उनका मानना है कि अगर मोजतबा को तुरंत सर्वोच्च नेता घोषित किया गया तो अमेरिका और इस्राइल उन्हें सीधे निशाना बना सकते हैं।
इस्राइली रक्षा सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डिफ्रिन ने कहा कि हाल ही में इस्राइल ने ईरान के कोम शहर में उस इमारत को निशाना बनाया था, जहां एसेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स की बैठक होती है। यह वही समिति है जो ईरान के अगले सर्वोच्च नेता का चुनाव करती है। इससे पहले अमेरिका और इस्राइल के संयुक्त हमले में ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत होने की खबर सामने आई थी, जिसके बाद से पूरे पश्चिम एशिया में हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं।