Patrakar Priyanshi Chaturvedi
छत्तीसगढ़ के Dantewada district के राशन कार्डधारियों के लिए राहत की खबर है। जिन हितग्राहियों को फरवरी 2026 का राशन नहीं मिल पाया था, उन्हें अब मार्च में फरवरी और मार्च दोनों महीनों का राशन एक साथ दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए राशन दुकानों के माध्यम से एकमुश्त वितरण की व्यवस्था की है।
फरवरी माह में चावल की उपलब्धता कम होने के कारण वितरण प्रभावित हुआ था। इसके बाद नागरिक आपूर्ति निगम ने उपलब्ध चावल को उचित मूल्य दुकानों में भंडारित कराया, ताकि हितग्राहियों को समय पर राशन मिल सके। खाद्य विभाग ने फरवरी माह के खाद्यान्न भंडारण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए डीओ और टीसी की वैधता तिथि 15 मार्च 2026 तक बढ़ा दी है।
राज्य योजना के तहत राशन कार्डधारियों को चावल के अलावा अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री भी प्रदान की जाती है, जिसमें प्रति माह 2 किलो चना, 2 किलो गुड़, 1-2 किलो नमक और 1 किलो शक्कर शामिल हैं। जिला प्रशासन ने अपील की है कि जिन हितग्राहियों को फरवरी का राशन नहीं मिला, वे अपनी नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान पर जाकर दोनों महीनों का राशन एक साथ प्राप्त करें, ताकि कोई पात्र हितग्राही खाद्यान्न से वंचित न रहे।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |