Patrakar Priyanshi Chaturvedi
दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए ‘अर्धनग्न’ विरोध प्रदर्शन के मामले में Indian Youth Congress के चार नेताओं को Patiala House Court ने पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। अदालत ने सभी आरोपियों की जमानत याचिका खारिज करते हुए दिल्ली पुलिस को आगे की जांच के लिए रिमांड दे दिया। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि खराब करने की साजिश का हिस्सा हो सकता है और इसकी कड़ियां अन्य स्थानों से भी जुड़ी हो सकती हैं।
सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने दावा किया कि आरोपियों ने कार्यक्रम स्थल पर कथित तौर पर देशविरोधी नारे लगाए और प्रधानमंत्री की तस्वीर व संदेश लिखी टी-शर्ट लहराईं। पुलिस के मुताबिक, ये टी-शर्ट पहले से योजना बनाकर छपवाई गई थीं। प्रदर्शन के दौरान कथित झड़प में 3–4 पुलिसकर्मी घायल हुए और एक अधिकारी को धक्का लगने से चोट आई। वहीं बचाव पक्ष ने इन आरोपों को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और हिंसा का दावा निराधार है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों के निवासी हैं, इसलिए मामले की जांच कई स्थानों तक फैलेगी। आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच से संभावित फंडिंग और अन्य सहयोगियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। साथ ही पुलिस हिरासत में पूछताछ के जरिए फरार लोगों की पहचान और टी-शर्ट की छपाई से जुड़े स्रोतों का भी पता लगाया जाएगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |