Patrakar Priyanshi Chaturvedi
उत्तराखंड में अब हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र में पहला न्यूक्लियर पावर प्लांट स्थापित होने की संभावना है। इससे पहले यूएस नगर जिले में नेपा फार्म और आसपास की जमीनों को इसके लिए चुना गया था, लेकिन तकनीकी कारणों और रेलवे ट्रेक के कारण ये जमीनें उपयुक्त नहीं पाई गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रत्येक राज्य से अपने यहां एक-एक न्यूक्लियर पावर प्लांट के विकल्प तलाशने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद राज्य सरकार ने जिलों से भूमि प्रस्ताव मांगे थे।
न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए न्यूनतम 300 एकड़ भूमि की जरूरत है। राज्य सरकार द्वारा भूमि चयनित करने के बाद न्यूक्लियर पावर कार्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा जमीन का परीक्षण किया जाएगा और केंद्र की मंजूरी के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। बुग्गावाला क्षेत्र में जमीन का रियल एस्टेट तेजी से बढ़ा है और यह क्षेत्र नेताओं और नौकरशाहों के निवेश का बड़ा केंद्र बन चुका है।
इस न्यूक्लियर पावर प्लांट से एक हजार मेगावाट से अधिक बिजली उत्पादन होगा, जिससे उत्तराखंड अपनी बिजली जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ देश की बिजली आपूर्ति में भी योगदान देगा। वर्तमान में राज्य की पीक डिमांड 2700 मेगावाट प्रतिदिन है और कई बार बिजली संकट देखा जाता है। यह पावर प्लांट राज्य के लिए बिजली के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |