Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मेरठ से दिल्ली के बीच यात्रा अब पहले से कहीं अधिक तेज और सुविधाजनक होने जा रही है। 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘नमो भारत’ रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाएंगे। इस ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 160 किमी प्रति घंटा होगी, जिससे मेरठ से दिल्ली का सफर महज 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। NCRTC द्वारा आयोजित ट्रायल रन में इसकी रफ्तार और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया गया।
ट्रायल के दौरान ट्रेन ने सराय काले खां से गाजियाबाद तक की दूरी लगभग 15 मिनट में और वहां से मेरठ साउथ तक अगले 15 मिनट में तय की। नियमित संचालन में ट्रेन हर स्टेशन पर करीब एक मिनट रुकेगी और दिल्ली से मेरठ की दूरी लगभग 55 मिनट में पूरी करेगी। बेगमपुल स्टेशन पर बना अंडरग्राउंड स्टेशन और मेरठ मेट्रो इंटरचेंज यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का अनुभव देगा। तीन कोच वाली मेरठ मेट्रो को 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया है, जिससे बेगमपुल से मेरठ साउथ का सफर मात्र 10 मिनट में पूरा होगा।
82 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्टेशनों और डिपो की छतों पर सोलर पैनल लगाए गए हैं, जिनसे 15 मेगावॉट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है और फिलहाल 5.5 मेगावॉट उत्पादन शुरू हो चुका है। भविष्य में 110 मेगावॉट क्षमता का कैप्टिव सोलर प्लांट स्थापित करने की योजना है, जिससे कुल बिजली जरूरत का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा पूरा होगा। अनुमान है कि इससे हर साल करीब 1.77 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी और यह परियोजना ऊर्जा संरक्षण की दिशा में एक मॉडल साबित होगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |