छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को
Chhattisgarh,Public Service Commission,State Service Preliminary Examination,February 22

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा (2025) रविवार, 22 फरवरी को प्रदेश के सभी 33 जिलों में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दो पालियों में होगी और इसके माध्यम से कुल 265 पदों पर भर्ती की जाएगी। पहली पाली में सामान्य अध्ययन का पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली में एप्टीट्यूड टेस्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। पहली पाली के लिए सुबह 9:45 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2:45 बजे के बाद परीक्षा केंद्र के द्वार बंद कर दिए जाएंगे। प्रवेश पत्र 10 फरवरी 2026 को जारी किए जा चुके हैं।

 

आयोग के निर्देशानुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना होगा। केंद्र में प्रवेश से पहले मैनुअल जांच और मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मी और पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष पुलिस कर्मी करेंगे। परीक्षा समाप्त होने से पहले केवल चिकित्सीय आपात स्थिति में ही केंद्र से बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी। अनुशासनहीनता या अनुचित साधनों के उपयोग पर तत्काल निष्कासन और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

परीक्षा में हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य है, जबकि काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून या गहरे चॉकलेटी रंग के वस्त्र वर्जित हैं। मोटे सोल या ऊंची हील के जूते की अनुमति नहीं होगी; केवल पतले सोल की चप्पल या स्लीपर ही मान्य होंगे। महिला अभ्यर्थी सलवार-कुर्ती (आधी बांह) या साड़ी (आधी बांह ब्लाउज) पहन सकती हैं। कान के आभूषण प्रतिबंधित हैं, जबकि विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र पहनने की अनुमति है। अभ्यर्थी केवल मूल पहचान पत्र, प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट, लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल और काले या नीले रंग का बॉलपॉइंट पेन ही साथ ला सकेंगे। स्मार्ट वॉच, मैकेनिकल घड़ी, गॉगल्स, डिजिटल ग्लास सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

Priyanshi Chaturvedi 21 February 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.