Patrakar Priyanshi Chaturvedi
नगर निगम में जल्द ही 12 एल्डरमैन नियुक्त किए जाने की तैयारी चल रही है। इन पदों के लिए 50 से अधिक नेता दावेदारी कर रहे हैं। कई दावेदार विधायकों के माध्यम से अपने नाम आगे बढ़ा रहे हैं, तो कुछ संगठन स्तर पर सक्रिय हैं। हाल ही में नगर कार्यकारिणी की घोषणा के बाद उभरे असंतोष को देखते हुए संगठन इस बार सावधानीपूर्वक नामों पर विचार कर रहा है, ताकि किसी तरह का विरोध सामने न आए।
प्रदेश संगठन ने स्थानीय इकाई से संभावित नाम मांगे हैं। विधायकों ने अपने-अपने स्तर पर तीन से चार नाम प्रस्तावित किए हैं, जबकि सांसद और अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने समर्थकों की सिफारिश की है। कुछ नाम प्रदेश स्तर पर भेजे जा चुके हैं, लेकिन अंतिम निर्णय को लेकर संगठन फिलहाल मौन है। शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा का कहना है कि एल्डरमैन पदों पर संगठन के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
सरकार निगम मंडलों में भी नियुक्तियों की तैयारी में है, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कई नेताओं की नजर प्रमुख मंडलों पर है और मंत्रियों द्वारा अपने समर्थकों को आगे बढ़ाने की कोशिशें भी की जा रही हैं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह ने नियुक्तियों में हो रही देरी पर तंज कसते हुए कहा कि पूरा प्रदेश इसी मुद्दे में उलझा है और ‘मामा’ के कारण फैसले अटके हुए हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |