अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती, नामीबिया मैच से पहले टीम इंडिया की बढ़ी चिंता
Abhishek Sharma hospitalised, raising concerns,india ahead,Namibia match

 

भारतीय टीम के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा पेट की समस्या के कारण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जिससे टीम इंडिया की चिंताएं बढ़ गई हैं। पिछले दो दिनों से उनका इलाज चल रहा है और मेडिकल जांच की जा रही है। टीम प्रबंधन के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें बुधवार को छुट्टी मिल पाएगी या नहीं। 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है। बीसीसीआई सूत्रों का कहना है कि उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा। अगर वह फिट नहीं होते हैं तो उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है, जबकि ईशान किशन दूसरे ओपनर की भूमिका निभा सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक हाल ही में मुख्य कोच गौतम गंभीर के घर आयोजित डिनर में शामिल हुए थे, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण जल्दी लौट गए थे। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका के खिलाफ पिछले मैच से पहले भी वह पूरी तरह फिट नहीं थे और मैच के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें तेज बुखार था और ड्रिप भी लगाई गई थी। खराब सेहत के चलते वह दिल्ली में टीम के अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं ले सके। हालांकि टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वह 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले तक फिट हो सकते हैं।

अभिषेक शर्मा मौजूदा समय में दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज माने जा रहे हैं और उनका आक्रामक अंदाज टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है। अब तक 39 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 36.03 की औसत और 194.46 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 1297 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन है। पाकिस्तान के खिलाफ बड़े मुकाबले में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है, खासकर इसलिए क्योंकि शाहीन अफरीदी अब तक उन्हें आउट नहीं कर पाए हैं। फैंस उनकी जल्द स्वस्थ होकर मैदान पर वापसी की दुआ कर रहे हैं।

 
Vandana Singh 11 February 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.