मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को शहडोल जिले के जयसिंहनगर क्षेत्र स्थित सीतामढ़ी धाम, ग्राम गंधिया में माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह धाम श्रीरामचंद्र पथगमन मार्ग का प्रमुख धार्मिक स्थल माना जाता है। मान्यता है कि वनगमन के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण यहां रुके थे। सीतामढ़ी धाम उन 248 स्थलों में शामिल है, जहां भगवान श्रीराम के ठहरने की परंपरा जुड़ी हुई है। यहां माता सीता की रसोई और भगवान श्रीराम का मंदिर भी स्थित है।
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 767 करोड़ रुपये की लागत से जुड़े 142 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें 633 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 82 कार्यों का लोकार्पण शामिल है, जो लोक निर्माण, स्वास्थ्य, नगरीय प्रशासन, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जल संसाधन और विद्युत वितरण जैसे विभिन्न विभागों से जुड़े हैं। इसके अलावा 134 करोड़ रुपये की लागत वाले 60 नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धनपुरी नगरपालिका द्वारा 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक वॉटर पार्क का भी लोकार्पण करेंगे, जिसमें क्लब हाउस, मिनी ओलंपिक मानकों का स्विमिंग पूल और बच्चों-युवाओं के लिए मनोरंजन की सुविधाएं होंगी। कार्यक्रम के दौरान एसईसीएल अधिग्रहित भूमि के हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र, वनाधिकार पट्टे, स्व-सहायता समूहों को सीसीएल, पोषण किट और श्रम विभाग की राहत राशि सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ भी वितरित किए जाएंगे।