Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के हेमवंती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ द्वारा आयोजित विंटर कार्निवल का उद्घाटन किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और छात्र संघ के नवनिर्वाचित सदस्यों को उनके सफल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भजन क्लंबिंग जैसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन युवाओं को आधुनिकता और संस्कृति के साथ जोड़ने का प्रतीक हैं और ऐसे कार्यक्रम नेतृत्व क्षमता, संगठन शक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हैं।
मुख्यमंत्री ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज कार्यक्रम का संचालन करने वाले छात्र और छात्राएँ कल राज्य और देश का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने खटीमा को अपनी कर्मभूमि और पहचान बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र की मिट्टी ने उन्हें जनसेवा का संस्कार दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं, जिनमें सड़कों, पुलों, खेल स्टेडियम, केंद्रीय विद्यालय और आधुनिक महाविद्यालयों का निर्माण शामिल है।
धामी ने कहा कि खटीमा और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास, एम्स सेटेलाइट सेंटर, इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी और पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जैसी योजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने छात्रों और क्षेत्रवासियों से सहयोग और समर्थन की अपेक्षा जताई और सभी को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |