IGNOU से MBA करने का मौका, 300 रुपये में करें आवेदन
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने MBA प्रवेश 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार IGNOU की आधिकारिक वेबसाइट ignou.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यह MBA कार्यक्रम AICTE से मान्यता प्राप्त है और इसकी अवधि 2 वर्ष है। कोर्स अंग्रेजी, हिंदी और ओडिया माध्यम में उपलब्ध है। आवेदन शुल्क मात्र 300 रुपये रखा गया है, जिससे यह कोर्स किफायती और सुलभ बनता है।
IGNOU के MBA कोर्स की कुल फीस 66,000 रुपये है, जिसे सेमेस्टर वाइज जमा करना होगा। प्रथम, द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की फीस 16,000 रुपये प्रति सेमेस्टर है, जबकि तृतीय सेमेस्टर में प्रोजेक्ट वर्क शामिल होने के कारण शुल्क 18,000 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित पंजीकरण और विकास शुल्क भी अलग से देना होगा।
इस MBA कोर्स में आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास कम से कम 3 साल की स्नातक डिग्री होना जरूरी है। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 50% और आरक्षित वर्ग के लिए 45% अंक निर्धारित हैं। यह कार्यक्रम खास तौर पर उन छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के लिए तैयार किया गया है, जो बिजनेस और मैनेजमेंट से जुड़े व्यावहारिक कौशल सीखकर करियर को नई दिशा देना चाहते हैं।