Patrakar Priyanshi Chaturvedi
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने साफ कहा कि इस समझौते में भारतीय किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं और खेती या डेयरी क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने वाला कोई भी उत्पाद इसमें शामिल नहीं किया गया है। सरकार ने सभी संवेदनशील कृषि वस्तुओं को समझौते से बाहर रखा है, जिससे किसानों की आजीविका पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
पत्रकार वार्ता में शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि भारत में किसी भी प्रकार के आनुवंशिक रूप से संशोधित (GM) कृषि उत्पादों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भारतीय कृषि की शुद्धता, मिट्टी और बीजों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता राष्ट्रहित और किसान हित हैं, और इन्हीं को ध्यान में रखकर यह ट्रेड डील तैयार की गई है।
कृषि मंत्री ने बताया कि अमेरिका को मांस, पोल्ट्री, डेयरी, अनाज, दालें, तिलहन, फल-सब्जियां और मसालों समेत किसी भी प्रमुख कृषि उत्पाद पर टैरिफ छूट नहीं दी गई है। दूध, घी, मक्खन, पनीर जैसे दुग्ध उत्पादों के साथ-साथ भारतीय मसालों को भी पूरी तरह बाहर रखा गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष बेवजह आशंकाएं फैला रहा था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि किसानों और देश के हितों पर कोई आंच न आए।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |