यूथ वॉक-2026: हजारों युवाओं ने नशे के खिलाफ बुलंद की आवाज
Youth Walk-2026, Thousands of youth raised their voice against drug abuse

 

इंदौर में रविवार सुबह नेहरू स्टेडियम से ‘यूथ वॉक-2026’ की शुरुआत हुई, जिसमें हजारों युवाओं ने नशे के खिलाफ संकल्प लिया। नशा मुक्ति और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस 3 किलोमीटर लंबी वॉक में सुबह 5 बजे से ही भारी संख्या में युवा जुटने लगे। आयोजन के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया और सरवटे बस स्टैंड की ओर जाने वाली बसों के रूट भी बदले गए।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव, बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला सहित कई अतिथियों ने हिस्सा लिया। खगेंद्र भार्गव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की लगभग आधी आबादी युवा है और इसी कारण देश के युवाओं को नशे की लत में फंसाने की साजिशें हो रही हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

यातायात पुलिस के अनुसार, सुबह 5 बजे से कार्यक्रम के समापन तक संबंधित मार्गों पर प्रतिबंध रहा और केवल आपातकालीन वाहनों को अनुमति दी गई। देवास, खंडवा और खरगोन रूट की बसों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया गया, जबकि प्रतिभागियों के लिए विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई। टीम रुद्राक्ष द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 25 हजार युवाओं ने पंजीकरण कराया और ‘नशा छोड़ो–भविष्य जोड़ो’ के संदेश के साथ यह वॉक नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए वहीं समाप्त हुई।

 
Priyanshi Chaturvedi 8 February 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.