केरल में बीजेपी का सियासी शंखनाद, 30% वोट टारगेट के साथ सत्ता की तैयारी
BJP, political campaign, Kerala begins, preparing for power ,30% vote target

बीजेपी ने केरल में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज कर दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दो दिवसीय दौरे के साथ पार्टी ने त्रिशूर के ओल्लुकारा में वॉल पेंटिंग के जरिए चुनावी अभियान की शुरुआत की। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी इस बार त्रिशूर समेत करीब 30 विधानसभा सीटों पर फोकस कर रही है, जहां 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को लगभग 30% वोट मिले थे। लक्ष्य है इस वोट प्रतिशत को बरकरार रखते हुए खुद को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के तौर पर पेश करना।

चुनावी रणनीति के तहत बीजेपी एक बार फिर सबरीमला मुद्दे को केंद्र में लाने की तैयारी में है। पार्टी ने मंदिर से जुड़े मामलों और कथित तुष्टिकरण को लेकर सत्ताधारी एलडीएफ और विपक्षी यूडीएफ पर हमला तेज किया है। साथ ही, बीजेपी की नजर राज्य की 18–20% ईसाई आबादी पर भी है, जिसे साधकर वह अपने सामाजिक आधार को और मजबूत करना चाहती है।

 

बीते एक दशक में केरल में बीजेपी का जनाधार लगातार बढ़ा है। 2014 में जहां पार्टी को 11% वोट मिले थे, वहीं 2019 में यह 16% और 2024 में करीब 20% तक पहुंच गया। त्रिशूर लोकसभा सीट पर जीत और त्रिवेंद्रम में मेयर पद हासिल करना पार्टी के बढ़ते प्रभाव का संकेत माना जा रहा है। अब बीजेपी की कोशिश 10% अतिरिक्त वोट जोड़कर 30% के आंकड़े तक पहुंचने और राज्य की राजनीति में निर्णायक तीसरी ताकत बनने की है।

Priyanshi Chaturvedi 8 February 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.