CLAT 2026 की तीसरी मेरिट लिस्ट जारी, उम्मीदवार 12 फरवरी तक चुन सकते हैं विकल्प
कंसोर्टियम ऑफ एनएलयू (Consortium of NLUs) ने 5 फरवरी 2026 को CLAT 2026 की तीसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में उन उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं जिन्हें तीसरे राउंड में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों (NLU) में सीट मिली है। छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। CLAT 2026 की परीक्षा 7 दिसंबर 2025 को आयोजित हुई थी और अब उम्मीदवारों को तय समय के भीतर अपनी सीट का विकल्प चुनना होगा।
तीसरे राउंड में उम्मीदवार फ्रीज, फ्लोट या एग्जिट का विकल्प चुन सकते हैं। सीट कन्फर्म करने की अंतिम तारीख 12 फरवरी 2026, दोपहर 1 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद चौथा राउंड सीट आवंटन 2 मई 2026 को सुबह 10 बजे होगा। चौथे राउंड में फ्रीज या फ्लोट विकल्प चुनने के बाद छात्र 2 से 8 मई 2026 के बीच एडमिशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। पांचवां और अंतिम राउंड 15 मई 2026 को होगा, और अंतिम फीस जमा करने की तारीख 30 मई 2026 शाम 5 बजे तक है।
विकल्पों के अनुसार, फ्रीज का मतलब है कि छात्र को मिली सीट पसंद है और वह उसी को पक्का कर सकता है। फ्लोट चुनने पर छात्र वर्तमान सीट ले सकता है लेकिन बेहतर कॉलेज की उम्मीद भी रख सकता है। एग्जिट का विकल्प लेने पर उम्मीदवार CLAT काउंसलिंग प्रक्रिया से बाहर हो जाता है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि समय रहते अपने विकल्प चुनकर सीट को सुरक्षित करें।