भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया, पत्रकारों को कहा धन्यवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। यह वाकया उस समय देखने को मिला जब पीएम मोदी एनडीए संसदीय दल की बैठक में शामिल होने के लिए संसद परिसर पहुंचे। वहां मौजूद पत्रकारों ने उन्हें भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर शुभकामनाएं दीं, जिस पर प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए सभी का धन्यवाद किया।
भारत और अमेरिका के बीच हुए इस व्यापार समझौते के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर लगाए गए पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हुआ है। हालांकि, नया टैरिफ कब से लागू होगा, भारत किन अमेरिकी उत्पादों की खरीद बढ़ाएगा और व्यापारिक बाधाएं किस तरह कम होंगी—इन बिंदुओं पर अभी आधिकारिक स्पष्टता नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाए जाने से दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों में तनाव देखा गया था।
इस समझौते के कुछ घंटे बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी साझा किया। उन्होंने आत्मविश्वास को विकसित भारत की नींव बताते हुए लिखा कि यही शक्ति देश को आगे बढ़ाने में सहायक होगी। पोस्ट में साझा किए गए संस्कृत श्लोक के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि साहस, कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास से अर्जित धन राष्ट्र की प्रगति में योगदान देता है।