सिरपुर महोत्सव में विदेशी मेहमानों की भागीदारी, 1 से 3 फरवरी तक होगा आयोजन
महासमुंद जिले की पुरातात्विक नगरी सिरपुर में 1 से 3 फरवरी तक तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में सिरपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को देश-विदेश के दर्शकों और जानकारों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस बार महोत्सव में विदेशी मेहमानों की भी विशेष भागीदारी होगी, जिससे सिरपुर की अंतर्राष्ट्रीय पहचान और सशक्त होगी।
विशेष रूप से दक्षिण कोरिया से इतिहास, कला और संस्कृति के विशेषज्ञों प्रो. जंग संगीर, किम डांग ग्वी, डॉ. ली ची रैन और एन नाजियम महोत्सव में शामिल होंगे। इसके अलावा नागपुर से दीक्षा भूमि स्मारक समिति के अध्यक्ष भदंत आर्य नागार्जुन सुरई ससाई जी और कर्नाटक से भदंत प्रज्ञा बोधि थेरो भी अपनी सहभागिता देंगे। देशभर से बौद्ध धर्म के विद्वान और आर्य भी सिरपुर की ऐतिहासिक और बौद्ध विरासत पर अपने विचार साझा करेंगे।
महोत्सव के दौरान बॉलीवुड कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। तीन दिवसीय यह आयोजन सिरपुर की प्राचीन सभ्यता, कला-संस्कृति और पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने का प्रभावी माध्यम साबित होगा।