Patrakar Priyanshi Chaturvedi
आगरा पहुंचे समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा की असली पहचान ताजमहल, हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह और यहां के लोगों के हुनर से है। उन्होंने कहा कि इस बार आगरा ऐतिहासिक परिणाम देगा और सपा के पक्ष में माहौल साफ दिखाई दे रहा है। अखिलेश यादव ने दरगाह पर चादर चढ़ाई और दुआ मांगी। इस दौरान जया बच्चन और डिंपल यादव भी मौजूद रहीं।
पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने भी बीजेपी से सीख लिया है कि चुनावी समीकरण कैसे बनाए जाते हैं। उन्होंने घोषणा की कि टिकट अब जनता के सर्वे के आधार पर ही दिया जाएगा। जो जनता की सेवा करेगा, वही उम्मीदवार बनेगा। उन्होंने कहा कि आगरा की जनता मेट्रो और विकास कार्यों को समाजवादियों की देन मानती है, जबकि डबल इंजन सरकार आज तक आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे से बेहतर सड़क नहीं बना सकी।
यमुना नदी की सफाई और गंगा परियोजनाओं पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा में यमुना नाले जैसी दिखती है। उन्होंने बीजेपी से पूछा कि क्या यमुना वास्तव में आचमन लायक बनी है? उन्होंने कहा कि जिस तरह लखनऊ में गोमती को साफ कर रिवर फ्रंट बनाया गया, उसी तरह मथुरा से आगरा तक यमुना को भी साफ किया जाएगा। अखिलेश ने दावा किया कि इस बार “गंगा उल्टा बहेगी” और जनता बीजेपी को करारा जवाब देगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |