मप्र के जबलपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान का टायर हुआ पंचर
jabalpur, Indigo plane
जबलपुर । मध्य प्रदेश के जबलपुर में डुमना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह करीब 12 बजे लैंडिंग के बाद इंडिगो के विमान का टायर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना उस वक्त हुई, जब विमान को यात्रियों को उतारने के बाद एप्रन में खड़ा करने के लिए ले जाया जा रहा था। घटना में किसी को कोई चोट नहीं आयी।
 
शाम को दिल्ली से जबलपुर आने वाली फ्लाइट से नया टायर मंगवाया गया, जिसके बाद पुराने टायर को बदलकर नया टायर लगाया गया है। एयरपोर्ट निदेशक राजीव रतन पांडे ने बताया कि यह प्लेन में आने वाली रूटीन गड़बड़ी है, न कि इमरजेंसी लेडिंग। वहीं, इंडिगो एयरलाइन्स ने एक बयान जारी कर कहा कि विमान में एक तकनीकी खराबी आई है, जिसकी मरम्मत की जा रही है।
 
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को सुबह करीब सवा दस बजे मुंबई से इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-791 जबलपुर के डुमना हवाई अड्डे पर उतरी। यहां विमान के लैंडिंग के बाद उसमें सवार सभी यात्री उतर गए। इसके पश्चात पायलट इस एयरबस ए-320 विमान को एप्रन में खड़ा करने के लिए ले जाने लगे, तभी विमान का पिछला टायर पंचर हो गया। पायलट ने इसकी जानकारी तुरंत दिल्ली मुख्यालय में दी। इसके बाद जबलपुर से वापस मुंबई जाने वाली फ्लाइट को रद‍्द किया गया। दिल्ली से जबलपुर आने वाली उड़ान से विमान का नया टायर दोपहर तीन बजकर 15 मिनट पर जबलपुर पहुंचा, जिसे कि विमान में लगाया गया।
 
एयरपोर्ट डायरेक्टर राजीव रतन पांडे ने उन अटकलों को खारिज किया विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। उन्होंने कहा कि विमान का टायर खराब हो गया है, जिसके कारण विमान उड़ान नहीं भर पाया। शाम करीब साढ़े पांच बजे जबलपुर-मुंबई फ्लाइट की रवानगी तय की गयी है। पांडे के मुताबिक दोपहर को मुंबई जाने वाले यात्रियों को दिल्ली और बेंगलुरु की उड़ानों से भेजा गया है। करीब 50 यात्री बच गए थे, उन्हें शाम को इसी विमान की उड़ान से रवाना किया जाएगा।

 

Dakhal News 4 August 2025

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.