केदारनाथ में नजर आया हिम तेंदुआ
rudraprayag, Snow leopard ,spotted in Kedarnath
रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड) । केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के ऊखीमठ रेंज के ऊपरी क्षेत्रों में हिम तेंदुआ की गतिविधियां ट्रैप कैमरा में कैद हुई हैं। बर्फ से घिरे हिमखंडों के बीच यहां हिम तेंदुआ नजर आया है। साथ ही पीले गले वाला नेवला और लाल लोमड़ी सहित कई दुर्लभ पक्षी प्रजातियां भी क्षेत्र में मौजूद हैं।

 

डीएफओ तरुण एस की निगरानी में इन कैमरों का आकलन किया जा रहा है, जिसमें कई वन्य जीवन नजर आ रहे हैं। यह हिम तेंदुआ ऊखीमठ रेंज के हिमालय से लगे क्षेत्र में नजर आया है। काफी बड़े क्षेत्र में यह दुर्लभ वन्य जीव विचरण कर रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय बाद हिम तेंदुआ दिखाई दिया है।

 

इस क्षेत्र में कस्तूरी मृग, भूरा भालू, भौंकने वाले हिरण, पीले गले वाला नेवला, लाल लोमड़ी भी अच्छी संख्या में मिले हैं। साथ ही पक्षी प्रजातियों की संख्या बढ़ रही है। मोनाल के साथ ही तीतर की कई प्रजातियां उच्च हिमालय क्षेत्र में पाई गई है। साथ ही यहां गुलदार, भालू, सांभ, घुरल, काखड, हिमालयन थार भी पूरे प्रभागीय क्षेत्र में पाए गए हैं।

 

डीएफओ केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग गोपेश्वर तरुण एस ने बताया कि ट्रैप कैमरा का निरीक्षण किया जा रहा है। हिम तेंदुआ का नजर आना सुखद है। हिमालय क्षेत्र में पाए जाने वाले कई दुर्लभ जीव अपने कुनबे के साथ विचरण करते नजर आ रहे हैं। यह प्रकृति और पर्यावरण के लिए अच्छा है। जुलाई के दूसरे सप्ताह तक सभी ट्रैप कैमरा का निरीक्षण कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद, प्रभागीय क्षेत्र में वन्य जीव व पक्षी प्रजातियों की सही संख्या का पता लग सकेगा।

 

975.20 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैले केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग में केदारनाथ, द्वितीय केदार तुंगनाथ और तृतीय केदार तुंगनाथ के साथ ही कई रमणीक स्थल मौजूद हैं। इस पूरे वन क्षेत्र में दुर्लभ वन्य जीव निवास करते हैं। इन जीवों के संरक्षण और सुरक्षा के लिए प्रभागीय स्तर पर निरंतर गश्त की जाती है। साथ ही जगह-जगह पर 200 ट्रैप कैमरा लगाए गए हैं, जिससे वन्य जीवों की गतिविधियों का पता लग सके।

 

Dakhal News 20 June 2025

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.