
Dakhal News

दूरदर्शन (डीडी) के चैनल्स देखने वाले दर्शकों की संख्या में पिछले कुछ वर्षों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 2024 (सितंबर तक) में यह संख्या 656.4 मिलियन पर आ गई, जो 2022 में 724 मिलियन थी। यह आंकड़े एक संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट में सामने आए हैं।
दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने और ब्रॉडकास्ट इंडस्ट्री में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए उठाए गए कई इनिशिएटिव्स के बावजूद, भारत के सार्वजनिक प्रसारक को अपने खोए हुए दर्शकों को वापस पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
2021 में दूरदर्शन की दर्शक संख्या 680 मिलियन थी, जो 2022 में बढ़कर 724 मिलियन हो गई। हालांकि, 2024 में इसमें बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
18 दिसंबर, 2024 को जारी 'संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी' पर संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट में खुलासा किए गए डेटा में न केवल दूरदर्शन की दर्शकों की संख्या में गिरावट बल्कि प्रसारक के भीतर रिक्त पदों में तेज वृद्धि को भी दर्शाया गया है।
संसदीय रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 23 में रिक्त पदों की संख्या 12,420 से बढ़कर वित्त वर्ष 24 में 13,708 हो गई, जो नेटवर्क को पुनर्जीवित करने के प्रयासों के बीच स्टाफिंग चुनौतियों को रेखांकित करता है।
सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि दूरदर्शन के पास 35 सैटेलाइट टीवी चैनल (7 अखिल भारतीय चैनल और 28 क्षेत्रीय/राज्य चैनल) हैं।
मंत्रालय ने कहा, "डीडी ने प्रोग्रामिंग परिदृश्य को जीवंत करने के लिए निरंतर योजनाबद्ध प्रयास किए हैं। इन प्रयासों में दर्शकों के अनुभव को समृद्ध करने और प्रसारण क्षेत्र में चैनल की स्थिति को ऊपर उठाने के उद्देश्य से कई पहल शामिल हैं।"
2022 में, प्रसार भारती ने (ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल के अनुसार) बताया कि 2022 के लिए सब्सक्राइब किए गए दूरदर्शन (डीडी) चैनलों का दर्शक डेटा 724.3 मिलियन था। 2021 में, दर्शकों की संख्या 680 मिलियन से अधिक थी।
संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि आकाशवाणी (आल इंडिया रेडियो) में रिक्त पदों की संख्या 13,966 (वित्त वर्ष 23 में) से बढ़कर 15,864 (वित्त वर्ष 24 में) हो गई है। वहीं, डीडी में रिक्त पदों की संख्या 12,420 (वित्त वर्ष 23 में) से बढ़कर 13,708 (वित्त वर्ष 24 में) हो गई है। डीडी का स्वीकृत स्टाफिंग स्ट्रेंथ 19,662 है, लेकिन वर्तमान में केवल 5,954 पदों पर ही कर्मचारी कार्यरत हैं।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |