Patrakar Priyanshi Chaturvedi
दूरदर्शन (डीडी) ने हॉकी इंडिया लीग (HIL) के साथ साझेदारी की है, जिससे 2024-25 सीजन के मैचों का सीधा प्रसारण देशभर के दर्शकों तक पहुंचेगा। यह सीजन 28 दिसंबर 2024 से शुरू होगा, जिसमें आठ पुरुष और चार महिला टीमें हिस्सा लेंगी। मैच राउरकेला और रांची में खेले जाएंगे। इस सीजन की खास बात यह है कि इस इस लीग में पहली बार महिला हॉकी टीम भी शामिल होगी।
प्रसार भारती के चेयरमैन नवीन सहगल ने इस साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा, “प्रसार भारती के लिए यह गर्व की बात है कि हम हॉकी इंडिया लीग के साथ जुड़ रहे हैं। यह मंच हमारे राष्ट्रीय खेल का उत्सव है जो विभिन्न वर्गों के लोगों को एकजुट करता है। हमारे व्यापक प्रसारण के माध्यम से, हम HIL में महिला हॉकी के ऐतिहासिक आगाज को पूरे देश में ले जाने का प्रयास करेंगे, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच के अंतर को कम किया जा सके।”
प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने कहा, “टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में लगातार पदक जीतने के बाद, भारतीय खेल प्रेमी इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि भारतीय हॉकी एक सुनहरे युग में प्रवेश कर रही है। सार्वजनिक प्रसारक के रूप में, दूरदर्शन इस दृष्टि को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित है। हम हॉकी के प्रसारण और प्रोडक्शन को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखते हैं। अब, खेल प्रेमी डीडी स्पोर्ट्स और हमारे नए ओटीटी प्लेटफॉर्म, वेव्स, पर पुरुष और महिला दोनों हॉकी लीग का आनंद ले सकते हैं। प्रसारण 28 दिसंबर 2024 से शुरू होगा।”
हॉकी इंडिया लीग गवर्निंग कमेटी के चेयरपर्सन डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, “डीडी के साथ आधिकारिक प्रसारण साझेदार के रूप में जुड़ना हमारे लिए बेहद खुशी की बात है। इस साल महिला एचआईएल की शुरुआत के साथ, यह सीजन विशेष रूप से खास है, जो महिला हॉकी को बढ़ावा देने का एक बड़ा कदम है। दूरदर्शन की अनोखी पहुंच और खेलों के प्रति समर्पण हमारी दृष्टि के साथ पूरी तरह मेल खाता है। हमारा लक्ष्य है कि हॉकी को भारत के हर कोने तक पहुंचाया जाए और एचआईएल को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाए।”
हॉकी इंडिया लीग का यह सीजन न केवल भारतीय हॉकी को बढ़ावा देगा बल्कि महिला हॉकी के लिए भी एक मील का पत्थर साबित होगा। दूरदर्शन और हॉकी इंडिया लीग की यह साझेदारी भारतीय खेलों के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |