Dakhal News
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने महिला आरक्षण को परिसीमन की प्रक्रिया के साथ लागू करने और महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देने की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी पार्टी शुरुआत से ही महिला आरक्षण का समर्थन करती रही है और इसे लागू करने में देरी नहीं होनी चाहिए।
सुप्रिया सुले के मुताबिक, इस मुद्दे पर उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मंत्री किरेन रिजिजू से भी चर्चा हुई है। पार्टी की तीन प्रमुख मांगें हैं। पहली, महिला आरक्षण को परिसीमन के साथ लागू किया जाए। दूसरी, सभी राज्यों के लिए एक समान फॉर्मूला तय हो और तीसरी, सरकार इस संबंध में लिखित आश्वासन दे। उन्होंने कहा कि यदि सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा है, तो नियम भी सबके लिए समान होने चाहिए।
सांसद ने विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की बढ़ती संख्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या 30 से 40 लाख तक पहुंच गई है, ऐसे में केवल 5 करोड़ रुपये के विकास फंड से पूरे क्षेत्र का विकास करना मुश्किल है। उन्होंने यह भी कहा कि परिसीमन के बाद लोकसभा सीटों की संख्या में करीब 50 फीसदी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने अभी पूरे विधेयक का अध्ययन नहीं किया है, लेकिन पार्टी महिला आरक्षण लागू करने के पक्ष में है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |