बालाघाट के सोनेवानी जंगल में 20 बाघों का बसेरा
  Home to 20 tigers: The Sonewani forest in Balaghat

 

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले का सोनेवानी जंगल अब बाघों के स्थायी ठिकाने के रूप में पहचान बना रहा है। दक्षिण वन मंडल के लालबर्रा क्षेत्र में स्थित इस जंगल में करीब 20 बाघों की मौजूदगी है, जबकि जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में बाघों की कुल संख्या 80 के पार पहुंच गई है। कान्हा और पेंच टाइगर रिजर्व के बीच स्थित इस कॉरिडोर में बाघों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इसे कंजर्वेशन रिजर्व बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसके लिए वन विभाग ने संशोधित प्रस्ताव शासन को भेजा है।

बाघों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से सोनेवानी क्षेत्र के चार गांवों का विस्थापन किया गया है। वर्ष 2018 में सबसे पहले सिलेझरी गांव को हटाया गया था। इसके बाद सोनेवानी, नवेगांव और चिखलावडर्डी गांवों का भी विस्थापन हुआ। इससे जंगल में मानवीय दखल कम हुआ और बाघों की आवाजाही के साथ उनके प्रजनन के लिए अनुकूल माहौल बना। वर्ष 2022 की गणना में बालाघाट में करीब 60 बाघ दर्ज किए गए थे। वहीं, 2026 की गणना पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके आधिकारिक आंकड़े अभी जारी नहीं हुए हैं।

सोनेवानी अब ईको टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। यहां बाघ और तेंदुए दिखाई देने की संभावना के चलते पिछले चार वर्षों में जिप्सी सफारी के राउंड छह गुना से अधिक बढ़े हैं। 10 नवंबर से सफारी का नया सत्र शुरू हो चुका है और पर्यटक पहुंच रहे हैं। इससे स्थानीय ग्रामीणों को जिप्सी संचालन, ड्राइवर और नेचर गाइड के रूप में रोजगार मिल रहा है। वहीं, खनन क्षेत्र से जुड़ी अड़चनों को देखते हुए कंजर्वेशन रिजर्व का प्रस्ताव 167 वर्ग किलोमीटर से संशोधित कर 142 वर्ग किलोमीटर किया गया है।

 

Dakhal News 16 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.