Dakhal News
ग्वालियर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा व्यवस्था में चूक का मामला सामने आया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री अपने ग्वालियर प्रवास के दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद एयरपोर्ट लौट रहे थे। इसी दौरान एएसपी के सरकारी वाहन ने मुख्यमंत्री के काफिले को ओवरटेक करने की कोशिश की। बताया गया कि एयरपोर्ट ड्यूटी पर तैनात एएसपी को मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले विमानतल पर मौजूद रहना था, लेकिन किसी कारण से उनका वाहन पीछे रह गया। एयरपोर्ट जल्दी पहुंचने के प्रयास में चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाई और सीएम के काफिले के समानांतर चलते हुए आगे निकलने की कोशिश की।
इस घटना को मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों ने प्रोटोकॉल के खिलाफ माना और मौके पर ही आपत्ति जताई। ग्वालियर के प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के मुताबिक, एएसपी के वाहन चालक को मौखिक रूप से सख्त हिदायत दी गई है। उसे स्पष्ट किया गया कि वीआईपी काफिले के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है और इस तरह आगे निकलने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। अधिकारियों ने चालक को भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था और काफिले के संचालन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को ग्वालियर और शिवपुरी जिले के पिछोर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। पिछोर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त के रूप में प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 महिलाओं के खातों में 1831 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इसके बाद मुख्यमंत्री ग्वालियर पहुंचे, जहां कुलैथ में पशुपालक सम्मेलन और पशु मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कुलैथ स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए और मंदिर के विकास के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इन कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद जब मुख्यमंत्री एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, तभी एएसपी के वाहन द्वारा काफिले को ओवरटेक करने की कोशिश का मामला सामने आया।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |