CGPSC अभ्यर्थियों के लिए बड़ा बदलाव
  Major change for CGPSC candidates

 

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने भर्ती परीक्षाओं की चयन प्रक्रिया में बदलाव करते हुए संशोधित और अनुपूरक चयन सूची की वैधता अधिकतम तीन महीने तय कर दी है। नए नियम के मुताबिक, सूची जारी होने के बाद तीन महीने तक ही वह प्रभावी रहेगी। अगर इस अवधि के भीतर संबंधित पद के लिए नई चयन सूची जारी हो जाती है, तो पुरानी सूची की वैधता उसी दिन समाप्त हो जाएगी। यानी तीन महीने की समयसीमा और नई सूची जारी होने की तारीख में से जो पहले आएगी, वही अंतिम होगी।

 

आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह नियम न्यायालय के आदेश पर जारी होने वाली संशोधित और अनुपूरक चयन सूची पर भी लागू होगा। अदालत के निर्देश के बाद किसी भर्ती की चयन सूची में बदलाव कर नई सूची जारी की जाती है, तो उसकी वैधता भी अधिकतम तीन महीने ही रहेगी। इसके अलावा, यदि संशोधित सूची में कोई पद रिक्त नहीं छोड़ा जाता है, तब भी उसकी समयसीमा में कोई बदलाव नहीं होगा।

 

नए प्रावधान के तहत तीन महीने की अवधि पूरी होने के बाद चयन सूची की वैधता बढ़ाने का कोई विकल्प नहीं होगा। इस फैसले से संशोधित और अनुपूरक चयन सूचियों को अनिश्चितकाल तक प्रभावी रखने की व्यवस्था खत्म हो जाएगी। अब अभ्यर्थियों और संबंधित विभागों को चयन प्रक्रिया के दौरान तय समयसीमा का ध्यान रखना होगा।

 

 

Dakhal News 14 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.