Dakhal News
मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। खरगोन में सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर धरती हिलने से लोगों में हड़कंप मच गया। घबराए कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने भूकंप की पुष्टि करते हुए इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की है। खरगोन के अलावा खंडवा और बुरहानपुर के शहरी व ग्रामीण इलाकों में भी कंपन महसूस किया गया।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप शनिवार सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकंड पर आया। इसका केंद्र खरगोन क्षेत्र में जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है। केंद्र के कम गहराई पर होने के कारण आसपास के इलाकों में लोगों ने झटके महसूस किए। कृषि एवं मौसम विशेषज्ञ डॉ. सौरव गुप्ता के अनुसार, भूकंप का केंद्र खंडवा मुख्यालय से करीब 88 किलोमीटर दूर था। यह स्थान धार जिले के धामनोद से लगभग 69 किलोमीटर दक्षिण और इंदौर से करीब 129 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। विशेषज्ञों ने अगले दो से तीन दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है।
मालवा-निमाड़ के खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर और बड़वानी सहित आसपास के क्षेत्रों में पहले भी कई बार भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। खंडवा में 21 जून 2024 को 3.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ था। इसके बाद 12 सितंबर 2025 को 3.0 तीव्रता और 4 जून 2025 को 3.8 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे। इन घटनाओं के दौरान खंडवा, बुरहानपुर और नेपानगर के कुछ इलाकों में भी धरती कांपी थी। ताजा भूकंप के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच फिर से हलचल बढ़ गई है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |