इंदौर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आगाज
  Syed Mushtaq Ali Trophy begins in Indore

 

इंदौर में शनिवार से सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के मुकाबले शुरू हो गए हैं। पहले दिन होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर चार मैच खेले जा रहे हैं। बिहार और सौराष्ट्र के बीच मुकाबले में बिहार के कप्तान वैभव सूर्यवंशी 12 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हो गए। टीम ने 31 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया। वैभव की बल्लेबाजी देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह था। मैच देखने के लिए दर्शकों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जा रहा है।

टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत गुरुवार को सभी टीमों ने अलग-अलग मैदानों पर अभ्यास किया। बिहार के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने डेली कॉलेज मैदान पर नेट्स में बल्लेबाजी की, जबकि जम्मू-कश्मीर की टीम से खेलने वाले तेज गेंदबाज उमरान मलिक होलकर स्टेडियम में गेंदबाजी करते नजर आए। पंजाब, हरियाणा, सौराष्ट्र, रेलवे, तमिलनाडु, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर की टीमों ने भी अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया।

पहले दिन बिहार-सौराष्ट्र और रेलवे-तमिलनाडु के अलावा पंजाब-हरियाणा के बीच मुकाबले खेले जा रहे हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली की टीमें शाम 4:30 बजे आमने-सामने होंगी। इस टूर्नामेंट में तेज गेंदबाज उमरान मलिक पर भी क्रिकेट प्रेमियों की नजरें रहेंगी, जो करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा पंजाब के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है।

 

Dakhal News 14 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.