PDA की हवा चल रही है, अखिलेश यादव का BJP पर हमला

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रिया और वोटर लिस्ट जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में PDA की हवा चल रही है और आने वाले समय में जनता के मुद्दे ही राजनीति की दिशा तय करेंगे। अखिलेश ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट रहने की अपील करते हुए PDA को पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को जोड़ने वाली ताकत बताया। उन्होंने बुंदेलखंड की मंडियों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में वहां के हर जिले में मंडी बनाई गई थी, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

अखिलेश यादव ने शिक्षा संस्थानों की जांच और 17.5 हजार करोड़ रुपये के टेंडर को लेकर सरकार से सवाल किए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा संस्थानों की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कराई जा रही है, लेकिन इतने बड़े टेंडर की जांच नहीं हो रही। उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए सब इंस्पेक्टर भर्ती का मुद्दा भी उठाया। अखिलेश का दावा है कि भर्ती प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों से भी पैसे वसूले जा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने डेयरी क्षेत्र को लेकर अपनी पार्टी की योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो कन्नौज के बाद वाराणसी में प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा काउ मिल्क प्लांट स्थापित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में वोटर लिस्ट से नाम कटने के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यह दावा कैसे कर सकते हैं कि एक करोड़ 27 लाख हिंदुओं के वोट कट गए हैं। अखिलेश ने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी यह दावा करे कि 90 प्रतिशत PDA के वोट कटे हैं, तो इस पर अलग तरह की प्रतिक्रिया दी जाएगी। उन्होंने वोटर लिस्ट में नाम सुरक्षित रखने के लिए काम करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं, धार्मिक संगठनों और PDA प्रहरियों का आभार जताया। अखिलेश के इन बयानों के बाद प्रदेश में भ्रष्टाचार, भर्ती प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।

 

Dakhal News 14 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.