Dakhal News
इंदौर बीजेपी की राजनीति में एक बार फिर गुटबाजी की चर्चा तेज हो गई है। शहर में लंबे समय तक ताई यानी पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और भाई यानी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के गुट का दबदबा रहा, लेकिन अब एक नए राजनीतिक गुट के उभरने की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस गुट में ऐसे नेता शामिल बताए जा रहे हैं, जिन्हें कैलाश विजयवर्गीय का विरोधी माना जाता है। सुमित्रा महाजन के सक्रिय राजनीति से दूर होने के बाद उनका गुट भी अब पहले की तरह सक्रिय नजर नहीं आता। वहीं, विजयवर्गीय और पार्टी के कुछ नेताओं के बीच तालमेल को लेकर चल रही चर्चाओं ने इंदौर बीजेपी के राजनीतिक समीकरणों को और दिलचस्प बना दिया है।
हाल ही में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम ने इन अटकलों को हवा दी। इस आयोजन में विजयवर्गीय शामिल नहीं हुए, लेकिन पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, बीजेपी के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक मनोज पटेल और मालिनी गौड़ समेत कई ऐसे नेता मौजूद रहे, जिनके विजयवर्गीय गुट से अलग होने की चर्चा होती रही है। सुदर्शन गुप्ता भी पिछले कुछ समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं और नवरात्र के दौरान चुनरी यात्रा निकालकर अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखा चुके हैं। इस कार्यक्रम में नेताओं की मौजूदगी को इंदौर बीजेपी में नए समीकरण बनने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं, गुरुवार को प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे के साथ विधायक मनोज पटेल, मालिनी गौड़, सावन सोनकर और एकलव्य सिंह गौड़ की भोपाल यात्रा भी चर्चा में रही। ये सभी पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार में आयोजित शोक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान प्रदेश के मुखिया और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से उनकी मुलाकात हुई। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों के बाद नेताओं की एकजुटता को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, किसी भी नेता ने नए गुट या राजनीतिक शक्ति केंद्र बनने को लेकर खुलकर कुछ नहीं कहा है, लेकिन इंदौर बीजेपी में बदलते समीकरण और बढ़ती गुटबाजी अब पार्टी के भीतर चर्चा का विषय बन गई है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |