Dakhal News
मध्यप्रदेश में एक और नया जिला बनने की संभावना बढ़ गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पिछोर को जिला बनाने की मांग पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वे वर्ष 2027 में पिछोर को जिला बनाने की अनुशंसा करेंगे। यदि इस दिशा में फैसला होता है, तो पिछोर प्रदेश का 56वां जिला बन सकता है। फिलहाल मध्यप्रदेश में कुल 55 जिले हैं। इससे पहले मैहर, मऊगंज, निवाड़ी और पांढुर्णा को नए जिले का दर्जा मिल चुका है।
पिछोर को जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। करीब तीन साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में पिछोर को जिला बनाने की घोषणा की थी, लेकिन उस समय यह मांग पूरी नहीं हो सकी। अब मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक बार फिर इसी मांग पर 2027 में अनुशंसा करने की बात कही है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे। वहीं, नागदा और चाचौड़ा को जिला बनाने की घोषणाएं भी पहले की जा चुकी हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त भी जारी की। सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं के खातों में 1,831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई। इसके साथ ही स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपये के ऋण का अंतरण भी किया गया। इस कार्यक्रम में पिछोर को जिला बनाने के ऐलान के साथ महिला हितग्राहियों को आर्थिक सहायता की सौगात भी दी गई।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |