Dakhal News
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में पुलिस ने अवैध गांजे की खेती का खुलासा करते हुए 88 पौधे जब्त किए हैं। मामला बलकवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पोखर का है, जहां कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम ने खेत में दबिश दी। तलाशी के दौरान कपास के पौधों के बीच अलग-अलग जगहों पर गांजे के हरे पौधे मिले। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त किया, जिनका कुल वजन 102 किलो 250 ग्राम बताया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने इस मामले में खेत मालिक मोहन पिता गुलाब सिंह सिसोदिया, उम्र 58 वर्ष, निवासी ग्राम पोखर को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, खलटाका चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहन सिसोदिया अपने कपास के खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में खेत की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान गांजे के पौधों को जब्त करने के साथ पुलिस ने जरूरी नमूने और अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए।
जब्त किए गए पौधों को वजन और पहचान के लिए छह श्रेणियों में बांटा गया था। पुलिस के अनुसार, सभी श्रेणियों के पौधों का कुल वजन 102.250 किलोग्राम पाया गया। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला विवेचना में लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |