मोहनलाल ने की अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ की तारीफ, बोले सच में इम्प्रेस हूं
   Mohanlal praises Ajay Devgn’s ‘Drishyam 3’, says he is truly impressed.

 

साउथ के सुपरस्टार मोहनलाल ने अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ यानी ‘दृश्यम 3’ की तारीफ की है। फिल्म देखने के बाद मोहनलाल ने कहा कि इसकी कहानी को जिस तरह शानदार अंत तक पहुंचाया गया है, उससे वह सच में प्रभावित हैं। उन्होंने निर्देशक अभिषेक पाठक, निर्माता कुमार मंगत पाठक, अजय देवगन और पूरी कास्ट व क्रू को बेहतरीन काम के लिए बधाई दी। प्रोडक्शन हाउस स्टार स्टूडियोज18 ने मोहनलाल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उनकी सराहना के लिए आभार जताया। गौरतलब है कि अजय देवगन की ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ मोहनलाल की मलयालम फिल्मों के आधिकारिक हिंदी रीमेक थीं, जबकि ‘दृश्यम 3’ की कहानी मलयालम फिल्म का रीमेक नहीं है।

बॉक्स ऑफिस पर भी ‘दृश्यम 3’ शानदार प्रदर्शन कर रही है। खबर के मुताबिक, रिलीज के 11वें दिन फिल्म ने भारत में 6.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल नेट कमाई 315.25 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 378.24 करोड़ रुपये हो गया। विदेशों में फिल्म ने 11वें दिन 2.50 करोड़ रुपये कमाए, जिससे वहां की कुल ग्रॉस कमाई 111.50 करोड़ रुपये पहुंच गई। इस तरह फिल्म का दुनियाभर का कुल ग्रॉस कलेक्शन 489.74 करोड़ रुपये बताया गया है। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में 62 करोड़ रुपये नेट कमाकर अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड भी बनाया।

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज अहम भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म को स्टार स्टूडियोज18 ने प्रस्तुत किया है, जबकि इसका निर्माण पैनोरमा स्टूडियोज ने किया है। कहानी और पटकथा अभिषेक पाठक, आमिल कियान खान और परवीज शेख ने लिखी है। चर्चित ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की इस कड़ी को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसकी कमाई लगातार चर्चा में बनी हुई है।

 

Dakhal News 13 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.