Dakhal News
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति को लेकर विवाद बढ़ गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता विजय रेड्डी ने आरोप लगाया है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने उन्हें यहां प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर जनता का है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए इसका इस्तेमाल करने की अनुमति मिलनी चाहिए। विजय रेड्डी के मुताबिक, पुलिस ने प्रदर्शन से 10 दिन पहले आवेदन करने की शर्त का हवाला देकर उनकी मांग स्वीकार नहीं की। इस मामले में उन्होंने पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचकर औपचारिक पत्र भी सौंपा है।
विजय रेड्डी ने दिल्ली पुलिस को जवाब देने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन की अनुमति के लिए पुलिस को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय दिया जा सकता है, लेकिन इसके बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में कोई जवाब नहीं मिलता, तो वे दोबारा सड़कों पर उतरेंगे और जरूरत पड़ने पर देशभर के लोगों से जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की अपील करेंगे। हालांकि, गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर प्रदर्शन रोकने के उनके आरोपों पर दिल्ली पुलिस या संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आना बाकी है।
वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने INDIA गठबंधन के सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए विरोध मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक बड़ा और महत्वपूर्ण प्रदर्शन था। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का एकजुट होकर विरोध दर्ज कराना जरूरी है। दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि जब तक इस्तीफा नहीं होता, तब तक देशभर में ऐसे प्रदर्शन जारी रहने चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। साथ ही कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने को अदालत की जिम्मेदारी नहीं बताया है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |