Dakhal News
एशियन गेम्स 2026 में शनिवार का दिन भारत के लिए पदकों के लिहाज से खास रहा। पुरुष और महिला कबड्डी टीम ने अपने-अपने मुकाबलों में गोल्ड मेडल जीतकर भारत की पदक तालिका में बड़ी छलांग लगाई। पुरुष कबड्डी टीम के गोल्ड के साथ भारत एक बार फिर टॉप-10 में शामिल हो गया। शुक्रवार तक भारत टॉप-10 में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहा था, लेकिन कबड्डी में मिले दो गोल्ड ने मेडल टैली की स्थिति बदल दी।
कबड्डी के अलावा शनिवार को भारत के खाते में अन्य स्पर्धाओं से भी पदक आए। पुरुषों की मैराथन में सावन बरवाल ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं महिलाओं की 50 मीटर 3-पोजिशन टीम स्पर्धा में तिलोत्तमा सेन, विदरसा के विनोद और आशी चौकसे की भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल जीता। स्क्वैश के मिक्स्ड डबल्स में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार की जोड़ी को सेमीफाइनल में हार के बाद ब्रॉन्ज मेडल मिला।
इन पदकों के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत की कुल पदक संख्या 28 हो गई है। भारतीय दल के खाते में अब 4 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज मेडल हैं। कबड्डी में मिले दो गोल्ड के बाद भारत ने मेडल टेबल में अपनी स्थिति मजबूत की है और टॉप-10 में जगह बना ली है। प्रतियोगिता के आगे बढ़ने के साथ भारतीय खिलाड़ियों की नजरें अब पदकों की संख्या बढ़ाने और अपनी स्थिति को और मजबूत करने पर रहेंगी।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |