रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर अमेरिका सख्त, भारत समेत 5 देशों पर 100% टैरिफ का प्रस्ताव
अमेरिका में रूस से तेल और प्राकृतिक गैस खरीदने वाले देशों पर कड़े प्रतिबंध लगाने की तैयारी तेज हो गई है। अमेरिकी सीनेट में पेश 'सैंक्शनिंग रशिया एक्ट 2026' को 60 सांसदों का समर्थन मिला है। प्रस्तावित विधेयक के तहत भारत, चीन, स्लोवाकिया, हंगरी और अजरबैजान जैसे रूस से सबसे अधिक ऊर्जा खरीदने वाले पांच देशों पर 100% तक आयात शुल्क (टैरिफ) लगाने का प्रावधान है। बताया जा रहा है कि इस बिल को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी समर्थन प्राप्त है और इसे अगस्त से पहले पारित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
विधेयक में यूरोपीय सहयोगी देशों के लिए कुछ छूट का प्रावधान भी रखा गया है, जबकि रूस से ऊर्जा खरीदने वाले शीर्ष देशों की सूची हर 180 दिन में समीक्षा के आधार पर बदली जा सकेगी। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के अनुसार, जून 2026 में भारत ने रूस से रिकॉर्ड 4.5 अरब यूरो मूल्य का कच्चा तेल आयात किया था, जिससे वह चीन के बाद रूस का दूसरा सबसे बड़ा तेल खरीदार बन गया। हालांकि, यह विधेयक अभी प्रस्तावित है और इसके कानून बनने से पहले अमेरिकी संसद की विधायी प्रक्रिया पूरी होना बाकी है।