सुप्रीम कोर्ट में जज नियुक्ति के लिए 5 नामों की सिफारिश, महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर जोर
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने सुप्रीम कोर्ट में नए जजों की नियुक्ति के लिए केंद्र सरकार को पांच नामों की सिफारिश भेजी है। इनमें चार हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और एक वरिष्ठ महिला अधिवक्ता शामिल हैं। कॉलेजियम ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस शील नागू, बॉम्बे हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस श्री चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अरुण पल्ली और वरिष्ठ अधिवक्ता वी मोहना के नाम केंद्र को भेजे हैं। यह सिफारिश 22 और 27 मई को हुई बैठकों में की गई।
वरिष्ठ अधिवक्ता वी मोहना के नाम की सिफारिश को न्यायपालिका में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में केवल एक महिला जज जस्टिस बीवी नागरत्ना हैं। अगस्त 2021 के बाद किसी महिला की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति नहीं हुई है। मौजूदा समय में सुप्रीम कोर्ट में 32 जज कार्यरत हैं, जबकि जून में जस्टिस जेके माहेश्वरी और जस्टिस पंकज मित्तल के सेवानिवृत्त होने के बाद दो पद और रिक्त हो जाएंगे।
इधर केंद्र सरकार पहले ही सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 33 से बढ़ाकर 37 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे चुकी है। संसद के आगामी सत्र में इससे जुड़ा विधेयक पेश किया जाएगा। देशभर में लंबित मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह फैसला अहम माना जा रहा है। वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में 92 हजार से अधिक मामले लंबित हैं, जबकि देश की विभिन्न अदालतों में कुल लंबित मामलों की संख्या 5 करोड़ से ज्यादा बताई गई है।