अमेरिका का बड़ा दावा: ईरान के 30 से ज्यादा जहाज डुबोए, ड्रोन कैरियर भी किया तबाह
अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध लगातार गंभीर होता जा रहा है। इसी बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि उसने ईरान के एक विशाल ड्रोन कैरियर को नष्ट कर दिया है और युद्ध की शुरुआत से अब तक 30 से अधिक ईरानी युद्धपोतों और नौसैनिक जहाजों को डुबो दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका ईरान की सैन्य ताकत को कमजोर करने के अभियान में जुटा हुआ है, जबकि ईरान भी पीछे हटने को तैयार नहीं दिख रहा।
CENTCOM के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर के अनुसार अमेरिका का मुख्य लक्ष्य ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता को खत्म करना और उसकी नौसेना को कमजोर करना है। इसी उद्देश्य से अमेरिका ने अपने सैन्य अभियान को “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” नाम दिया है। इस ऑपरेशन के तहत अमेरिकी सेना लगातार ईरानी नौसैनिक ठिकानों और युद्धपोतों को निशाना बना रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक हाल ही में अमेरिका ने श्रीलंका के पास ईरानी जहाज IRIS Dena पर टॉरपीडो से हमला किया था, जिसमें कम से कम 87 ईरानी नाविकों की मौत हो गई और 32 लोगों को बचा लिया गया। यह जहाज भारत के विशाखापत्तनम में आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू में शामिल होकर लौट रहा था। इसके अलावा अमेरिका ने एक बड़े ईरानी ड्रोन कैरियर को भी नष्ट करने का दावा किया है, जिसका आकार द्वितीय विश्व युद्ध के एयरक्राफ्ट कैरियर जितना बताया जा रहा है। CENTCOM ने इस हमले का वीडियो भी जारी करते हुए कहा कि ईरानी नौसेना को कमजोर करने का अभियान जारी रहेगा।