ब्लैकमेलिंग केस में फंसे पूर्व रेलकर्मी के वायरल वीडियो की जांच
Investigation,viral video,former railway employee caught,blackmailing case

भोपाल के स्लॉटर हाउस संचालक असलम चमड़ा के करीबी से गोमांस तस्करी मामले में आगे खुलासा नहीं करने और कथित हाईप्रोफाइल लोगों व राजनेताओं के नाम जोड़कर लाखों रुपये वसूलने के आरोप में गिरफ्तार पूर्व रेलकर्मी राजेश तिवारी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। तीन दिन पहले ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किए गए तिवारी के कुछ कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, असलम चमड़ा के करीबी द्वारा कराए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में तिवारी कथित रूप से पैसे लेते हुए कैमरे में दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उनके कई वीडियो अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहे हैं। निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि वायरल वीडियो को जांच में शामिल कर लिया गया है। फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वीडियो वास्तविक हैं या इनमें किसी प्रकार की एडिटिंग या एआई तकनीक से छेड़छाड़ की गई है।

पुलिस ने पहले ऑडियो साक्ष्य के आधार पर तिवारी को गिरफ्तार किया था। बाद में फरियादी ने कुछ वीडियो भी पुलिस को सौंपे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के स्रोत को लेकर भी जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यदि वीडियो पहले से कुछ लोगों के पास थे, तो तत्काल शिकायत क्यों नहीं की गई। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि वीडियो वास्तविक हैं या किसी साजिश के तहत तैयार किए गए। तिवारी का मोबाइल फोन जब्त कर फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है।

राजेश तिवारी पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। रेलवे स्टेशन की शासकीय इमारत में युवती के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और हत्या के प्रयास जैसे मामले शामिल हैं। ताजा प्रकरण के बाद उसका आपराधिक रिकॉर्ड फिर चर्चा में है और पुलिस सभी पहलुओं पर सतर्कता के साथ जांच कर रही है।

Priyanshi Chaturvedi 5 March 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.