भोपाल में ब्लू लाइन मेट्रो के लिए सैकड़ों मकान-दुकान टूटने की तैयारी, 9 हेक्टेयर जमीन अधिसूचित
भोपाल में भदभदा डिपो चौराहा से रत्नागिरी करोंद तक ब्लू लाइन मेट्रो के निर्माण के लिए जिला प्रशासन ने मंगलवार को 9 हेक्टेयर जमीन अधिसूचित कर दी है। इसमें पहले से चिह्नित बाधक निर्माणों को हटाने के लिए नोटिस और मुआवजा देने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि बीते एक साल में केवल 40% जमीन खाली कराई जा सकी है। छह हेक्टेयर जमीन सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है, लेकिन बाजार और आबादी के कारण अब इसे हटाने के लिए बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है।
इस लाइन के डिपो चौराहा से लिली टॉकीज तक के क्षेत्र में सांसद आलोक शर्मा ने अंडरग्राउंड मेट्रो की मांग की थी, लेकिन अधिसूचना में इस पर कोई उल्लेख नहीं किया गया। प्रशासन ने 14 किलोमीटर लंबी एलीवेटेड लाइन बनाने का निर्णय लिया है, जो भदभदा से रत्नागिरी तक जाएगी और पुल बोगदा पर क्रॉस करेगी।
मेट्रो एलीवेटेड लाइन के खंभों (पियर्स) के लिए जमीन की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। काम की शुरुआत अप्रेल तक दिखाई देने लगेगी और परियोजना को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इससे इलाके में यातायात और बुनियादी ढांचे में सुधार की उम्मीद है, लेकिन इसके लिए प्रभावित मकान और दुकानों का ध्वस्तीकरण आवश्यक होगा।