Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापामार कार्रवाई में मसालों में मिलावट का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हॉस्पिटल रोड स्थित एक मसाला पिसाई चक्की पर जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि धनिया पाउडर में भूसी (चौकर) और लकड़ी का बुरादा मिलाया जा रहा था। खाद्य पदार्थों में मिलावट के इस खेल ने आम लोगों की सेहत को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
जांच के दौरान परिसर में साबुत हल्दी, साबुत लाल मिर्च, साबुत धनिया, तैयार धनिया पाउडर और गरम मसाला पाउडर के साथ बड़ी मात्रा में चौकर और लकड़ी का बुरादा भी मिला। पूछताछ में संचालक कल्ली शाह ने बताया कि वह किराए के परिसर में मसाला कारोबार करता है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले कि भूसी और लकड़ी के बुरादे का उपयोग धनिया पाउडर में मिलावट के लिए किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार शर्मा ने मौके से गरम मसाला, धनिया पाउडर, चौकर, लकड़ी का बुरादा और साबुत धनिया के नमूने जांच के लिए लिए। टीम ने करीब 30 किलो गरम मसाला, 40 किलो धनिया पाउडर, 30 किलो चौकर, 40 किलो लकड़ी का बुरादा और 50 किलो साबुत धनिया जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 30,700 रुपये बताई गई है। अनियमितताएं सामने आने पर पिसाई केंद्र को सील कर खाद्य पंजीयन निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |