Patrakar Priyanshi Chaturvedi
बागेश्वर धाम में शनिवार सुबह परिक्रमा के दौरान 22 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मदरियापुर गांव निवासी रामानंद के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार रामानंद पहले से बीमार था और ठीक से बोल नहीं पाता था। परिवार उसके स्वास्थ्य लाभ और मन्नत के लिए पहली बार धाम दर्शन करने आया था।
मृतक के पिता कैलाश ने बताया कि परिक्रमा के दौरान अचानक रामानंद ने पानी मांगा। उस समय परिसर में भारी भीड़ थी। पिता पानी लेने गए और जब लौटे तो बेटा वहां नहीं मिला। घबराए परिजन ने तलाश शुरू की। सेवादारों ने बताया कि युवक मूर्छित होकर गिर पड़ा था और उसे प्राथमिक उपचार के लिए धाम के अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में हालत गंभीर होने पर रामानंद को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम छा गया। धाम प्रबंधन ने शव को फतेहपुर भेजने के लिए मुफ्त एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। वहीं छतरपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |