Patrakar Priyanshi Chaturvedi
जबलपुर के पंच अग्नि अखाड़ा के महामंडलेश्वर ईश्वरानंद ब्रह्मचारी उर्फ उत्तम स्वामी पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं। राजस्थान की एक युवती ने उन पर कई बार दुष्कर्म और धमकाने का आरोप लगाया है। गिरफ्तारी की आशंका के बीच उत्तम स्वामी के अंडरग्राउंड होने की खबर है। 9 से 15 फरवरी तक भेड़ाघाट के सहजपुर स्थित आश्रम में भागवत कथा का आयोजन था, लेकिन शिकायत के बाद कार्यक्रम प्रभावित हो गया।
युवती ने कथा के दौरान दिल्ली पुलिस को ई-मेल भेजकर शोषण और धमकाने की शिकायत की। इसके बाद शुक्रवार को कथा नहीं हुई और अनुयायियों ने तबीयत खराब होने का हवाला दिया। हालांकि शुक्रवार शाम तक उत्तम स्वामी को कथा स्थल पर देखा गया था। रात करीब 11 बजे तक उनकी लोकेशन वहीं बताई जा रही थी, लेकिन उसके बाद वे गायब हो गए। एजेंसियों का मानना है कि गिरफ्तारी के डर से उन्होंने ठिकाना बदल लिया।
बड़ा सवाल यह है कि उत्तम स्वामी को भूमिगत होने में किसने मदद की। सूत्रों के अनुसार वे किसी अन्य आश्रम या भक्त के यहां छिपे हो सकते हैं, यहां तक कि विदेश भागने की आशंका भी जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मध्यप्रदेश के इंदौर, जबलपुर और रतलाम सहित कई जिलों में उनके आश्रम और संपत्तियां हैं। वहीं भाजपा और कांग्रेस के कुछ नेताओं के साथ उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला और सुर्खियों में आ गया है। पुलिस विभिन्न संभावित घटनास्थलों को लेकर जांच में जुटी है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |