Patrakar Priyanshi Chaturvedi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 फरवरी को नए प्रधानमंत्री कार्यालय परिसर ‘सेवा तीर्थ’ और ‘कर्तव्य भवन’ (एक और दो) का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले वे ऐतिहासिक South Block में केंद्रीय कैबिनेट की अंतिम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। करीब 125 वर्षों से सत्ता का केंद्र रहे North Block और साउथ ब्लॉक ब्रिटिश काल की प्रशासनिक विरासत के प्रतीक रहे हैं, जिनका डिजाइन ब्रिटिश वास्तुकार Herbert Baker ने तैयार किया था। अब पीएमओ को आधुनिक और एकीकृत प्रशासनिक ढांचे वाले नए परिसर में स्थानांतरित किया जा रहा है।
सरकार की योजना के तहत North Block और साउथ ब्लॉक को ‘युगे युगेन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय’ में बदला जाएगा। यह संग्रहालय भारत की सभ्यतागत यात्रा और विरासत को प्रदर्शित करने वाला विश्वस्तरीय केंद्र होगा। इस परिवर्तन को उपनिवेशकालीन प्रशासनिक ढांचे से आगे बढ़कर आधुनिक भारत की पहचान स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पीएमओ के अनुसार, ‘सेवा तीर्थ’ और ‘कर्तव्य भवन’ का उद्घाटन प्रशासनिक सुधारों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। अब प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय एक ही परिसर में कार्य करेंगे। ‘कर्तव्य भवन’ एक और दो में कानून, रक्षा, वित्त, स्वास्थ्य और कृषि जैसे प्रमुख मंत्रालयों के कार्यालय स्थापित किए गए हैं। ये परिसर 4-स्टार GRIHA मानकों के अनुरूप विकसित किए गए हैं, जिनमें नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और स्मार्ट सुरक्षा जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |